बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत के मोहल्ला अंसारी मे गली के नाले के टूटे स्लैब दो साल से नही बदले जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टूटे स्लैब की वजह से कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके है। मामले मे भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सूरज राठौर ने नगर पंचायत चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी को शिकायत पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है। सूरज राठौर ने बताया कि मोहल्ला अंसारी की गली में नाले के कई स्लैब टूटे हुए हैं। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। अंधेरे में कई लोग नाले में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। गलीवासियों ने करीब दो वर्ष पहले नगर पंचायत में लिखित शिकायत देकर टूटे स्लैब बदलवाने की मांग की थी। इसके अलावा नगर पंचायत के सार्वजनिक मोबाइल नंबर पर कई बार व्हाट्सएप के माध्यम से भी समस्या की जानकारी दी गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नही हुई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से समस्या का समाधान न होने से मोहल्लेवासियों में रोष है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही टूटे स्लैब नही बदले गए तो मोहल्ले के लोग नगर पंचायत कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि समस्या पुरानी है लेकिन उनके संज्ञान मे पहली बार आई है। मामले की जांच कराकर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
