शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही पुलिस का शर्मसार करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां आपातकालीन सेवा 112 (पीआरवी) से जुड़े पुलिसकर्मियों पर सरकारी वाहन का डीजल चोरी कर बेचने और उसकी अवैध रकम वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो और कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे है। जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मच गया है। पुलिस को दी गई शिकायत और वायरल साक्ष्यों के अनुसार यह पूरा अवैध खेल दुनका चौकी क्षेत्र मे चलने वाली 112 सेवा की गाड़ी के डीजल को लेकर चल रहा था। पीआरवी वाहन के चालक और कर्मी कथित तौर पर गाड़ी का डीजल चोरी करके पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के माध्यम से खुलेआम बेचते थे। इसके बाद बिक्री से मिलने वाली पूरी रकम भी उन्हीं पेट्रोल पंप कर्मचारियों से वसूल की जाती थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल मोंटी कुमार और होमगार्ड मुकेश शर्मा कथित रूप से पंप पर डीजल बेचते और पैसे लेते हुए साफ नजर आ रहे है। मामले के तूल पकड़ने और शाही थाना प्रभारी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट पर कड़ा एक्शन लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने आरोपी हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार और कांस्टेबल मोंटी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच (डिपार्टमेंटल इन्क्वायरी) के आदेश भी दे दिए गए है। इसके अलावा, इस कृत्य में संलिप्त होमगार्ड मुकेश शर्मा के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को भी आधिकारिक पत्र भेज दिया गया है। इस तरह की घटनाओं से पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठ रहे हैं, और उच्चाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी कर्मी को बख्शा नही जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
