बरेली। मंगलवार को प्रभागीय वनाधिकारी वन एवं वन्य जीव प्रभाग ने विकास भवन सभागार में बरेली वृत्त के तीन प्रभागों बरेली, बदायूं व शाहजहांपुर के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को टेरी विषय पर आयोजित एक कार्यशाला मे संबोधित किया।इस अवसर पर सीनियर डॉयरेक्टर टेरी जेबी शर्मा ने बताया कि देश मे 2070 तक शून्य कॉर्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा गया है तथा पेड़ पौधे कॉर्बन के सबसे बड़े अवशोषक हैं। उन्होंने पेड़ तथा पौधे किस प्रकार हमारे वातावरण से कॉर्बन का अवशोषण करते है सम्बन्ध मे भी विस्तार से बताया। कॉर्बन फाइनेंस स्कीम के अन्तर्गत अब बरेली मंडल को भी सम्मिलित किया गया है। जिसमें जनपद के ऐसे कृषक जिन्होंने अपने खेत मे व खेतों की मेढ़ों पर पॉपलर, यूकेलिपटस, आम व सगौन के पौधे का रोपण वर्ष 2018, 2019, 2020 व 2021 मे किया है। उनका डाटा निर्धारित फार्म में भरकर तैयार किया जाना है। जिसे बाद मे कॉर्बन क्रेडिट स्कीम के तहत आगमी 18 माह के अंदर धनराशि का भुगतान कॉर्बन फाइनेंस के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रकार बरेली मंडल के किसान को पेड़ों से होने वाले लाभ के साथ साथ कॉर्बन फाइनेंस के माध्यम से अतिरिक्त वित्तीय लाभ प्राप्त होगा। मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा व वन संरक्षक ने उक्त योजना के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी। टेरी के सदस्यों द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उक्त योजना के उद्देश्य एवं लाभ की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सीनियर डायरेक्टर टेरी जेबी शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी समीर कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी बदायूं एके सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
