बरेली। ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी में डीजे, नाच-गाने और विदेशी झंडों के इस्तेमाल को नाजायज करार दिया गया है। बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सोमवार को इस संबंध में एक फतवा जारी किया। उन्होंने कहा कि यह फतवा 26 अगस्त को देशभर में निकलने वाले जुलूसों के लिए है। फतवे में जुलूसों को गैर शरई कामों से पाक-साफ रखने की अपील की गई है। इसमें डीजे, बाजे, नाच-गाने, हंगामा और हुड़दंग से पूरी तरह बचने को कहा गया है। मौलाना ने मुस्लिम नौजवानों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से जुलूस निकालने का आग्रह किया है। फतवे में कहा गया है कि जुलूस में किसी दूसरे देश के झंडे या बैनर न लगाए जाएं। असलहों, यहां तक कि नकली तलवारों के प्रदर्शन से भी परहेज करने को कहा गया है। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी को शरीअत की रोशनी में मिसाली बनाएं। उन्होंने पैगंबर-ए-इस्लाम की रहमत और भाईचारे की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। नौजवानों से बाइक पर तीन सवारी, तेज आवाज में शोर-शराबा और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की गई है। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने डीजे के इस्तेमाल को सबसे खतरनाक बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में डीजे की वजह से कई घटनाएं हुई हैं। जिन रास्तों से डीजे गुजरता है, वहां मकानों के दरवाजे और खिड़कियां टूट जाती हैं। कमजोर दिल के लोगों की धड़कनें बढ़ जाती हैं और वे बीमार हो जाते है। उन्होंने भारतीय झंडे तिरंगे को लगाने को प्राथमिकता देने की बात कही। मौलाना ने हरे झंडे, चांद-सितारे वाले झंडे और तलवार वाले झंडों को विदेशी मुल्कों के झंडे बताया। उन्होंने जुलूस के दौरान ऐसा कोई काम न करने की अपील की जिससे दूसरे संप्रदाय के लोगों को तकलीफ हो या उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचे।।
बरेली से कपिल यादव
