* फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे बोलीं- बरेली मुझे अपने दूसरे घर जैसा लगता है, उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का संदेश
बरेली। पर्वतीय समाज बरेली की ओर से रविवार को नेहरू युवा केंद्र में 26वां उत्तराखंड स्थापना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक चले कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और संगीत की मनमोहक छटा देखने को मिली। प्रथम सत्र का शुभारंभ पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने किया। समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए आत्मिक शांति का स्थान है। द्वितीय सत्र के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने ऐसे सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का लगातार आयोजन होते रहने का आह्वान किया। अपने संबोधन में विधायक संजीव अग्रवाल ने देवभूमि उत्तराखंड को देवताओं की भूमि बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का काम करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं देश की अनमोल धरोहर हैं। समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए और नई पीढ़ी तक अपनी सांस्कृतिक विरासत पहुंचानी चाहिए।कार्यक्रम में मुंबई से पहुंचीं फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बरेली उन्हें अपने दूसरे घर की तरह लगता है। यहां आकर उन्हें हमेशा अपनापन महसूस होता है और इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर वह खुद को धन्य महसूस कर रही हैं। फिल्म और थिएटर के अंतर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों विधाओं में काफी फर्क है। वह खुद थिएटर से आती हैं। थिएटर में रीटेक की कोई गुंजाइश नहीं होती, क्योंकि वहां कलाकार को दर्शकों के सामने ही अपनी पूरी प्रस्तुति देनी होती है। दर्शक कैसा महसूस कर रहे हैं, इसका पता कलाकार को तुरंत चल जाता है। उन्होंने थिएटर को कलाकार की वास्तविक प्रतिभा और अभिनय क्षमता की कसौटी बताया। मां नैना सांस्कृतिक एवं जनकल्याण समिति खटीमा की टीम ने लोकगायक पुष्कर महर के दिशा निर्देशन में उत्तराखंड के पारंपरिक गीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकगायिका बबीता देवी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम में पहाड़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक संगीत की गूंज सुनाई दी। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी गोपाल दत्त अमोला, भूपाल सिंह बजेठा और भुवन चंद्र हरबोला को सम्मानित किया गया। युवा वैज्ञानिक रक्षित भट्ट को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी नंदा राणा और फिल्म निर्देशक, अभिनेता एवं आरजे देवेंद्र रावत सहित अन्य विशिष्ट लोगों का सम्मान किया गया। फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे ने सत्यमेव जयते, मैं मेरी पत्नी और वो, बाबर, अंदाज-2, श्रीमद रामायण, सावधान इंडिया, क्राइम पेट्रोल, इमली, मरुधर एक्सप्रेस, भोंसले, हैप्पी भाग जाएगी, अजीब दास्तान, शोरगुल, लोहारदगा और तू धड़कन मैं दिल सहित कई फिल्मों और धारावाहिकों में अभिनय किया है। पर्वतीय समाज के अध्यक्ष देवेंद्र दियोलिया ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ सलाहकार कुंवर सिंह बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। सांस्कृतिक लोकगायक प्रभारी पूरन दानू ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया था। उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैंट सभासद मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराते हैं। दीपक राणा ने भी अपनी धमाकेदार प्रस्तुति दीं। मीडिया प्रभारी देवेंद्र रावत ने आयोजन की जानकारी दी। इस अवसर पर जीत सिंह वोहरा, सोमा परिहार, नंदिनी अधिकारी, इंद्र सिंह बिष्ट, प्रभात गैरोला, भुवन पांडे, सुंदर मेहरा, जगदीश बिष्ट, गोपाल राणा, पूनम भल्ला, चंद्रा दियोलिया, भुवन पांडे, रमेश शर्मा, तारा जोशी, पुष्कर सिंह बोहरा, बिशन सिंह बिष्ट, नरेन्द्र अधिकारी, उमेश बिनवाल, आनंद सिंह मेहता, संजय परिहार, गोधन सिंह बिष्ट, कुनाल दियोलिया, गिरीश पांडे, बरखा तिवारी, बबीता नेगी, ककमला बिष्ट, दीपा दानू, महेश भट्ट, कैप्टन मोहन सिंह बिष्ट, कर्नल एम.सी.पंत, राजेन्द्र सिंह बिष्ट, गोधन सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह मेहरा, बालम सिंह बिष्ट, राजीव भट्ट, श्याम सिंह मेहरा, मुकुल भट्ट, राजेन्द्र घिल्डियाल, अमित पंत, पुष्कर राणा, के.सी.जोशी, डॉ.अनिल बिष्ट, अभिनीत नेगी, प्रमोद पंत, पी.एस.बोनाल, रामेश्वर पाण्डे, प्रदीप सक्सेना, डॉ.अनुराग सक्सेना आदि उपस्थित रहे।
