जश्न-ए-आमदे रसूल से महकी फिजा, पुराना शहर हुआ रोशन

बरेली। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मंगलवार को शहर की फिजा जश्न-ए-आमदे रसूल से महक उठी। पुराने शहर की सड़कें और गलियां रंग-बिरंगी झालरों, झूमरों और बल्बों की रोशनी से जगमगा उठीं। जगह-जगह की गई सजावट ने जुलूसे मुहम्मदी की आमद का एहसास कराया। पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौम-ए-पैदाइश पर अंजुमन इत्तेहादुल मुस्लिमीन की ओर से जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया। जुलूस का आगाज पुराने शहर में छ मीनार मस्जिद के पास मुन्ना खां के नीम से हुआ। कार्यक्रम का संचालन कर रहे तारिक सईद ने बताया कि जुलूस की कयादत दरगाह तहसीनिया के सज्जादानशीन मौलाना हस्सान मियां ने की। हाफिज मोबीन और कमर चिश्ती को परचम सौंपकर जुलूस रवाना किया गया। जुलूस शुरू होते ही सरकार की आमद मरहबा, जश्ने ईद मिलादुन्नबी जिंदाबाद, रसूल की आमद मरहबा मरहबा के नारे गूंज उठे। जुलूस अपने परंपरागत मार्गों से होता हुआ वापस मुन्ना खां का नीम पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस कमेटी की ओर से शामिल तमाम अंजुमनों की दस्तारबंदी भी की गई। जुलूस कमेटी के महासचिव अंजुम शमी ने जुलूस में शामिल अंजुमनों को शरीयत पर अमल करते हुए जुलूस निकालने की अपील की। तिरंगे के साथ अंजुमनों ने दिखाया जोश : जुलूसे मुहम्मदी में इस बार भी अंजुमनों ने इस्लामिक परचम के साथ तिरंगा लेकर शिरकत की। परचमकुशाई की रस्म के दौरान अंजुमनों ने तिरंगे के साथ जुलूस में हिस्सा लिया। अंजुमनों ने जुलूस के जरिए अमन का पैगाम दिया। अदनान मियां ने की अंजुमन के सदर की दस्तारबंदी : ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी ने पुराना शहर में जुलूसों का इस्तकबाल किया। मौलाना अदनान रजा कादरी ने अंजुमनों के सदर की दस्तारबंदी की। आरएसी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने फूलों से इस्तकबाल किया। बच्चों को मिला तोहफा जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव व आला हजरत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक फरमान हसन खान ने 151 बच्चों को मुफ्त कंप्यूटर कोचिंग देने की घोषणा की है। फरमान हसन खान ने कहा कि बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व आधुनिक तकनीक की जानकारी भी दी जाएगी। ड्रोन से की गई निगरानी : जुलूसे को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया। ड्रोन कैमरों व स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुलूस के रूट पर निगरानी रखी गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *