जलभराव से निजात के लिए मंत्री स्तर पर हस्तक्षेप, आज रात से घटेगा जलस्तर

* लाजपत नगर और केसर वाटिका कॉलोनी की समस्या पर वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने लिया तत्काल संज्ञान

लखनऊ/बरेली। बरेली के लाजपत नगर एवं केसर वाटिका कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर मंत्री स्तर पर हस्तक्षेप हुआ है। पूर्व पार्षद दीपक सक्सेना के साथ रमेश मिश्रा उर्फ भरतौल ने लखनऊ स्थित वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार के आवास पर मुलाकात कर दोनों कॉलोनियों में जलभराव से उत्पन्न गंभीर स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
समस्या की जानकारी मिलने पर मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त बरेली से फोन पर वार्ता की और किले की ओर जाने वाले मार्ग पर केसर वाटिका कॉलोनी के पास जमा जलकुंभी को हटाने के निर्देश दिए।
बताया गया कि जलकुंभी के कारण नालियों एवं जल निकासी के मार्ग में अवरोध उत्पन्न होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। मंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन की ओर से जलकुंभी हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि जलनिकासी का मार्ग खुलने के बाद आज रात से लाजपत नगर और केसर वाटिका कॉलोनी में जलस्तर कम होना शुरू हो सकता है। इससे जलभराव से प्रभावित सैकड़ों परिवारों को राहत मिलने की संभावना है।
पूर्व पार्षद दीपक सक्सेना ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्या को मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्थानीय निवासियों ने मंत्री के हस्तक्षेप पर आभार जताते हुए जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *