गोयल फूड्स गोदाम पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 5.59 लाख का 249 टीन रिफाइंड तेल सीज

बरेली। रिफाइंड तेल की रीपैकिंग के खेल पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा शिकंजा कस दिया। मठ की चौकी स्थित गोदाम पर छापेमारी मे 5.59 लाख रुपये कीमत के 249 टीन रिफाइंड तेल बरामद हुए। अधिकांश टीनों पर न निर्माता का पूरा पता था और न ही बैच नंबर, जिसके बाद पूरी खेप को मौके पर ही सीज कर दिया गया। द्वितीय खाद्य सहायक आयुक्त राहुल सिंह ने बताया मठ की चौकी के पास स्थित गोयल फूड्स के गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालक खाद्य लाइसेंस भी नहीं दिखा सका। जांच में पता चला कि गोयल फूड्स के नाम से जारी खाद्य लाइसेंस ब्रह्मपुरा, प्रेमनगर स्थित पते का है, जबकि वहां कोई खाद्य गतिविधि संचालित नहीं मिली। इसके विपरीत खाद्य तेल की रीपैकिंग और भंडारण का पूरा काम मठ की चौकी स्थित गोदाम से किया जा रहा था। जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान चारमीनार ब्रांड के 15 किलो वाले 153 टीन, न्यूट्री गोल्ड के 53 टीन और वीटा गोल्ड के 43 टीन बरामद हुए। तीनों ब्रांडों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अधिकारियों ने पाया कि सभी 249 टीनों के लेबल पर निर्माता का पूरा पता अंकित नहीं था और अधिकांश पर केवल गोयल फूड्स, बरेली लिखा गया था। कई टीनों पर बैच नंबर भी दर्ज नहीं मिला। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने 3729 किलोग्राम रिफाइंड तेल को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *