खेल, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का अंग बनाएं युवा

बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एमबीए सभागार में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने युवाओं और खिलाड़ियों को खेल, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सलाह दी। युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए कहा। एनएसएस के स्वयंसेवकों के साथ भी संवाद कर उनके सुझावों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विवि प्रकोष्ठ ने माय भारत, बरेली के सहयोग से खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया था। स्वयंसेवकों के अलावा छात्र-छात्राओं व भारतीय खेल प्राधिकरण, कैंट बरेली खिलाड़ियों ने सहभागिता की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “खेलो इंडिया” अभियान युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच दे रहा है। खराब मौसम के बावजूद एनएसएस स्वयंसेवकों की भारी मौजूदगी को सराहा। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेश दिया। अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी विश्वास शर्मा ने कहा कि सफलता का आधार निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण के साथ प्रयास करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। चीफ प्रॉक्टर प्रो-रविंद्र सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की तरफ से किए जा रही गतिविधियों की तारीफ की। इसके अलावा छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. विनय ऋषिवाल ने भी संबोधित किया। विवि के एनएसएस समन्वयक डॉ. राजीव यादव, माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह, कुल सचिव महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक अनिल यादव, डॉ. सौरभ मिश्रा, प्रो-सुधीर वर्मा, प्रो. तूलिका सक्सेना, डॉ. प्रिया सक्सेना, डॉ. सौरभवर्मा, डॉ. दीपक गंगवार, डॉ. प्रीति मेहरोत्रा, डॉ पूजा अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संचालन अजय राज शर्मा ने किया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *