कोविड-19 अस्पताल की दुर्व्यवस्था का वीडियो वायरल, मरीजों ने कहा हमें पहुंचा दो घर

बरेली। कोविड-19 लेवल-वन अस्पताल बिथरी चैनपुर की बदहाल तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर में नाराज मरीजों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में पर्याप्त सुविधा नहीं है और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बच्चों को पीने के लिए दूध नहीं मिल रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने मामले में रिपोर्ट तलब की है। शहर के बड़ा बाजार का एक परिवार कोरोना पॉजिटिव आया है। परिवार की महिला को बिथरी कोविड-19 अस्पताल में भर्ती किया गया है। बीते सोमवार को अस्पताल में भर्ती हुई महिला ने रात में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो में महिला ने आरोप लगाया है कि उनको पर्याप्त सुविधा नहीं मिल रही है। कोविड अस्पताल में चारों ओर गंदगी का अंबार है। शौचालय और बाथरूम में सफाई नहीं हुई है। मरीज परेशान हैं। स्टाफ से शिकायत करने के बाद भी परेशानी दूर नहीं हुई है। महिला वीडियो में आरोप लगा रही है कि उनको रात में अस्पताल में भर्ती करने के बाद कोई भी हालचाल तक पूछने नहीं आया है। इससे बेहतर था कि सभी मरीजों को उनके घर भेज दिया जाए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। इस मामले में स्वास्थ्य अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी कोविड-19 अस्पताल और क्वारन्टीन सेंटर में खराब व्यवस्था के आरोप वाले वीडियो वायरल हुए थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।