कोर्ट के आदेश पर पीएनबी के मैनेजर समेत चार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव फतेहपुर दुर्गाप्रसाद निवासी अबरार अहमद ने पंजाब नेशनल बैंक की सीबीगंज शाखा के मैनेजर राजेश टंडन, फील्ड ऑफिसर वीर सिंह, जयप्रकाश और एक अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने के आरोप मे थाना भोजीपुरा मे मुकदमा दर्ज कराया है। अबरार का कहना है कि तीन जुलाई 2019 को उन्होंने कृषि लोन कराया था। उन्होंने लोन का पैसा खेती मे लगा दिया लेकिन लॉकडाउन के दौरान फसल खराब हो गई। इस वजह से उनका लोन खाता खराब हो गया। जिसे ठीक कराने के लिए वह बैंक गए तो मैनेजर व फील्ड ऑफिसर ने खाता दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। उन लोगों ने कहा कि हमारे लोग तुम्हारे घर आएंगे। वे जो रकम बताएं दे देना। खाता ठीक हो जाएगा। इसके बाद आठ सितंबर 2022 को फील्ड ऑफिसर वीर सिंह, दलाल जयप्रकाश व एक अन्य उनके घर पहुंचे और 84 हजार रुपये लेकर चले गए। उनसे कुछ सादा कागजों पर साइन भी कराए गए। इसके बाद 13 सितंबर 2022 को उन्होंने पासबुक मे इंट्री कराई तो पता चला कि आरोपियों ने उनके बैंक खाते से भी 84 हजार रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए है। उन्होंने इस बारे मे शिकायत की तो गालीगलौज कर धमकी दी गई। उनकी शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की तो उन्होंने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *