कृषि विज्ञान केंद्र के सुदृढ़ीकरण हेतु 02 करोड़ 90 लाख रुपए- सूर्य प्रताप शाही,कृषि मंत्री

*वाराणसी का कृषि विज्ञान केंद्र एक मॉडल के रूप में विकसित होगा

*मृदा स्वास्थ्य जागरूकता हेतु 5 दिसंबर को विश्व मृदा दिवस होगा

वाराणसी – उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र व संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया।वाराणसी कृषि विज्ञान केंद्र के सुदृढ़ीकरण हेतु 2 करोड 90 लाख रुपए से विभिन्न कार्य जिसमें केंद्र की बाउंड्री वॉल, कान्फ्रेंस हॉल, किसान हॉस्टल, ट्यूबवेल, कृषि यंत्र आदि के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। मंत्री श्री शाही ने कहा कि वाराणसी का कृषि विज्ञान केंद्र अनुकरणीय मॉडल के रूप में विकसित करें। वैज्ञानिकों से कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने हेतु नवीनतम तकनीकी की जानकारी, बकरी, मुर्गी पालन, आवश्यक प्रशिक्षण आदि कराए जाएं। कार्यदाई संस्था निर्माण निगम को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर दिसंबर, 2019 तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराएं तथा कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप हो।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि किसानों को एक छत के नीचे बीज-पेस्टिसाइड उपलब्धता हेतु दो कृषि कल्याण केंद्र बनाए जा रहे हैं। यहां किसानों की गोष्ठी भी होगी। वर्तमान में गेहूं बुवाई चल रही है। जिसका बीज ब्लॉक स्तर तक गोदामों पर उपलब्ध है। किसान सम्मान निधि योजना में प्रदेश के 01 करोड़ 60 लाख किसानों के खाते में धनराशि स्थानांतरित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि काफी किसानों के डाटा इँट्री में त्रुटि हैं। किसान आधार कार्ड के नाम के अनुसार डाटा इट्री कराएं। ताकि सुधार हो और उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।
एन-सी-2 के तहत जिन किसानों ने कृषि यंत्र हेतु ड्राफ्ट जमा किए हैं। वह यंत्र खरीद कर पोर्टल पर लोड करा दें। ताकि उन्हें सब्सिडी की धनराशि उपलब्ध हो सके। विभिन्न कृषि यंत्र अनुदान योजना में 40 से 50 फ़ीसदी तक अनुदान का प्रावधान है। किसान इसका लाभ उठाएं। 5 दिसंबर को पूरे प्रदेश में विश्व मृदा दिवस का आयोजन होगा। जिसमें जिलों में मृदा में ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ाने हेतु गोष्ठियों व विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम होंगे। मंत्री शाही ने किसानों से आग्रह किया कि फसल अवशेषों को जलाए नहीं, बल्कि मृदा में ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ाने में सदुपयोग करें।
संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र के निरीक्षण में उन्होंने बैलेंस शीट देखी, फार्म में बोए गए विभिन्न फसलों गेहूं, चना, राई, मसूर, मटर, जई, जौ, अरहर आदि की जानकारी ली। उन्होंने कृषि फार्म की आमदनी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। फार्म पर कार्य करने वाले मजदूरों से भी उन्होंने वार्ता की।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयासरत है। इसके लिए कृषि निवेशो की उपलब्धता एवं जानकारी हेतु किसान पाठशालाए, मृदा परीक्षण, कृषि ऋण की उपलब्धता, नवीनतम तकनीकी की जानकारी, किसानों के प्रशिक्षण आदि कार्यक्रम किए जा रहे हैं तथा किसानों के उत्पादकता का उचित मूल्य भी दिया जा रहा है। जिससे अब इसके अच्छे परिणाम भी दिखने लगे हैं।

रिपोर्टर:-महेश पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।