कान्हा उपवन गोशाला में गोवंशों की मौत पर सुपरवाइजर समेत चार पर मुकदमा

सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज स्थित कान्हा उपवन गोशाला मे सोमवार शाम सात गोवंशों की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। शनिवार को चार गोवंशों की मौत के बाद सोमवार को कई गोवंशों की मौत की सूचना फैल गई। मृत गोवंशों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से निस्तारण के लिए ले जाते समय गोरक्षकों और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने देख लिया। उन्होंने वाहन रोककर नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने गोशाला सुपरवाइजर, दो भूसा सप्लायर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार शाम सात गोवंशों की मौत की खबर मिलते ही विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग गोशाला पहुंच गए। उस समय मृत पशुओं के शवों को निस्तारण के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा जा रहा था। कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि कार्यकर्ताओं को अपनी ओर आता देख चालक ने वाहन दौड़ाकर भागने का प्रयास किया। इससे मौके पर आक्रोश और बढ़ गया। हंगामा बढ़ने पर कुछ कार्यकर्ताओं ने गोशाला के भीतर जाने का प्रयास किया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने आनन-फानन मे मुख्य द्वार बंद कर दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया गया। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव राठी, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हंगामे के बीच नगर आयुक्त ने गोशाला सुपरवाइजर विजय कुमार को पद से हटा दिया। वही प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़े जिम्मेदारों को बचाने का प्रयास कर रहा है। गोरक्षकों की तहरीर और बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने सुपरवाइजर विजय कुमार, भूसा सप्लायर रचित, विशाल और एक अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *