कांग्रेस के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह का जगह-जगह किया गया जोरदार स्वागत

आजमगढ़- कांग्रेस के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। श्री सिंह के पैतृक गांव खलीफतपुर से दोपहिया, चार पहिया वाहनों के साथ चला हजारों लोगों का जुलूस जिले के विभिन्न मार्गों से होता हुआ 30 किमी का सफर तय करके मंदुरी पहुंचा। वहां पर दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ मौजूद वरिष्ठ पार्टी नेता आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद यह काफिला शहर के विभिन्न रास्तों से होता हुआ नेहरू हाल पहुंचा। वहां आयोजित समारोह में प्रवीण सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। लम्बे काफिले की वजह से खलीफतपुर से शहर तक कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गयी। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कहीं पर भी कम नहीं दिखा और वह पूरी गर्मजोशी के साथ गगनभेदी नारे लगाते रहे।
नेहरू हाल में आयोजित स्वागत समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए वरिष्ठ पार्टी नेता व पूर्व सांसद डा.राजेश मिश्र ने कहा कि वह राजनीति त्याग सकते हैं मगर कांग्रेस नहीं। उन्होंने कहा कि पिछले बीस-पचीस सालों से राजनीति का जो ट्रेंड चल रहा है यदि वह उस ट्रेड पर चले होते तो सपा, बसपा और भाजपा में भी मंत्री रहे होते। डा.मिश्र ने कहा कि संघर्ष करके लक्ष्य पाना बेहतर होता है। जाति की राजनीति करने वाले लोग पद भले ही पा जायं मगर वह समाज का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते। समाज का प्रतिनिधित्व वही कर सकता है जो किसी जाति का नहीं वरन पूरे समाज का नेता हो और पूरे समाज के लिए संघर्ष किया हो। प्रवीण सिंह में वह सारी क्षमता है जो एक नेता बनने में होती है। उन्होंने कहा कि उनकी अंतिम इच्छा यही है कि देश और प्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बने ताकि नये लोग यह जान सकें कि सपा, बसपा व भाजपा के लोगों को सरकार चलाने नहीं आता। यदि उन लोगों को सरकार चलाने आता तो उनकी सरकारों में किसान आत्महत्या के लिए मजबूर नहीं होता। मंहगाई अपने चरम पर नहीं होती। सरकारी प्रतिष्ठनों को निजी हाथों बेच नहीं दिया जाता। लोग बेरोजगार नहीं होते। लोगों से मजदूरी नहीं छीनी जाती। इस तरह का अपराध नहीं होता। साथ ही जो मुख्य विपक्षी दल हैं वह प्रदेश में विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही है। आम आदमी की समस्याओं को लेकर संघर्ष नहीं कर रही है। बसपा बैकफुट पर चली गयी है। सपा का शीर्ष नेतृत्व केवल बयानबाजी ही कर सकता है। सपा के लोग गांवों में जाकर आम आदमी की समस्या को लेकर संघर्ष नहीं कर सकते। इन स्थितियों के बीच कांग्रेस के पास बेहतर मौका है। उन्होंने कहा कि धारा के पक्ष में चलना कोई राजनीति नहीं है धारा के विपरीत चलते हुए जन समस्याओं के लिए सरकार को झुका दे यही सही मायने में राजनीति है। उन्होंने कहा कि राजनीति में रिटायरमेंट की भी कोई उम्र नहीं होती है। जब तक काम करने की क्षमता हो और दिमाग चलता रहे तब तक राजनीति हो सकती है। श्री सिंह ने कहा कि आज कल एक अनोखा राष्टïरवाद परोसा जा रहा है। भारत का सांसद जम्मू कश्मीर में नहीं जा सकता। उसे जाने से रोक दिया जाता है और विदेशी सांसदों का प्रतिनिधि मण्डल वहां की समस्या देखने के लिए आ रहा है। उन्होंने कहा कि पांच से पन्द्रह नवम्बर तक कांग्रेस पूरे देश में आंदोलन चला रही है। इस आंदोलन में प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पूर्वांचल में यह जिला नम्बर एक पर होगा, यह उनको भरोसा है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी ने इस देश को गर्त में ढकेल दिया है।आर्थिक मंदी से पूरा देश कराह रहा है। सरकार की गलत नीतियों से यह देश मंदी से उबरने वाला नहीं है। कांग्रेस के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि जिस समय उनको यह जिम्मेदारी सौंपी गयी उस समय उनके हालात ठीक नहीं थे। उनके पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा जाति धर्म से ऊपर उठकर राजनीति किये हैं यही वजह है कि सर्वसमाज ने उनको स्वीकारा है। साथ ही बुजुर्गों का अनुभव औेर संघर्ष का माद्दा उनके पास है। उन्हीं ताकतों से वह जिले में कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका रोम-रोम बिक जायेगा मगर जिन लोगों ने उनके ऊपर भरोसा करके यह जिम्मेदारी सौंपी है और जिन लोगों ने यह समझा है कि वह इस पद के योग्य हैं, उनके विश्वास को वह टूटने नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके अन्दर खुद को चौराहे पर नीलाम कर देने की क्षमता है और इस क्षमता के बूते पर वह यह बतायेंगे कि कांग्रेस का अपना मजबूत स्तम्भ रहा है और वह आगे भी रहेगा। इस मौके पर विचार व्यक्त करने वाले प्रमुख लोगों में सुरेंद्र सिंह, सुमन कुमार सिंह, चंद्रपाल सिंह यादव, पारितोष त्रिपाठी, दिनेश यादव, राम अवध यादव, मुन्नू यादव, पुनवासी प्रजापति, बृजेश नन्दन पांडेय, राम किशुन राजभर, कमला पाठक, शीला भारती, कैलाश नाथ पाण्डेय, पंकज मोहन सोनकर, रवि पाण्डेय, बलिया के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह राठी, शैलेंद्र सिंह पप्पू, प्रदीप यादव, सत्य प्रकाश मिश्र, बेलाल अहमद, अंकित पाण्डेय, आशुतोष रजत, विवेक राय, विवेक सिंह, मालती मिश्र, ओम प्रकाश राय, राजेश सिंह, संजय सिंह, राजकिशोर तिवारी, पुनीत राय आदि रहे।

रिपोर्टर:-राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।