उर्स-ए-रजवी पर इंसानियत की मिसाल, दिव्यांगजनों को बांटी गई ट्राइसाइकिल

बरेली। उर्स-ए-रजवी के मौके पर मरकजे अहले सुन्नत वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से कांकरटोला स्थित खानकाहे अमीने शरीअत के पास विशेष सेवा शिविर लगाकर दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिलें और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। ट्रस्ट के सदर हाजी मोहसिन हसन खान नूरी की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम की सरपरस्ती दरगाह अमीने शरीअत के सज्जादानशीं एवं उस्ताद-ए-जमन मुफ्ती सलमान रजा खां ने की, जबकि आरएसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत हाफिज इमरान रजा बरकाती ने कलाम-ए-पाक की तिलावत से की। दस्तारबंदी की गई। शिविर में एक-एक कर दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिलें सौंपी गईं। जिन लाभार्थियों की शारीरिक स्थिति सामान्य ट्राइसाइकिल चलाने की नहीं थी, उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल दी। ट्रस्ट के सदर हाजी मोहसिन हसन खान नूरी ने कहा कि आला हजरत के उर्स के अवसर पर इंसानियत की खिदमत का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस सेवा अभियान को और बड़े स्तर पर मिशन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सलाम पढ़ा गया, जिसके बाद मौलाना अदनान रजा कादरी ने देश-दुनिया में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ कराई। कार्यक्रम का संचालन नासिर कुरैशी ने किया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *