बरेली। जनपद में ई-संजीवनी की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नाराजगी जताई। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए ई-संजीवनी, आभा आईडी और टीबी उपचार अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ई-संजीवनी की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। सभी सीएचसी और पीएचसी के चिकित्सक स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यों की पोर्टल पर नियमित फीडिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाली एएनएम के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत भुगतान और पंजीकरण की समीक्षा करते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आशाओं के भुगतान में पीछे चल रहे सीएससी केंद्रों की निगरानी की जाए और लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई हो। आभा आईडी अभियान की समीक्षा में बताया गया कि जनपद फिलहाल प्रदेश में 15वें स्थान पर है। जिलाधिकारी ने इसे बेहतर करने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिक से अधिक आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। दस्तक अभियान के तहत अधिक से अधिक टीबी मरीजों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत उपचार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह सहित सभी सीएचसी-पीएचसी प्रभारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
