बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव टिटौली मे भूमि पर अवैध कब्जा करने के विरोध मे भूमि स्वामी कांता प्रसाद गंगवार और जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार ने शनिवार को आत्मदाह की कोशिश की। वहां मौजूद प्रभारी निरीक्षक ने पेट्रोल की बोतल छीनकर दोनों को रोका। राजस्व टीम की पैमाइश के दौरान यह घटना हुई। कांता प्रसाद गंगवार ने बताया कि उनकी जमीन गाटा संख्या 232 का कुछ हिस्सा फतेहगंज पश्चिमी-भोजीपुरा रोड में निकल गया था। बची हुई एक बीघा चार बिस्बा जमीन पर पास के खेत मालिक अख्तर हुसैन ने कब्जा कर लिया था। कांता प्रसाद पांच साल से तहसील प्रशासन से कब्जा हटाने की गुहार लगा रहे थे। थक हारकर उन्होंने जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार से मदद मांगी। ममता गंगवार भी एक साल से इस मामले की पैरवी कर रही थी। इस संबंध मे अधिकारियों से शिकायत की गई। शुक्रवार को राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि, दूसरे पक्ष ने सिविल कोर्ट में मामला होने का हवाला दिया। जिससे राजस्व टीम को लौटना पड़ा था। तहसीलदार आशीष कुमार की अगुवाई में राजस्व टीम शनिवार को फिर मौके पर गई। टीम ने एक घंटे तक पैमाइश की लेकिन नतीजा नही निकला और टीम जाने लगी। इससे नाराज ममता गंगवार और कांता प्रसाद गंगवार ने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। वहां मौजूद थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने हस्तक्षेप कर उनको रोका और पानी डालकर पेट्रोल का प्रभाव खत्म किया। फिर दोनों लोगों ने धरना दिया। बाद में कानूनगो ब्रजकिशोर कटियार और लेखपाल नवरत्न गंगवार ने तीन घंटे में पैमाइश पूरी कर कांता प्रसाद के खेत की निशानदेही की। वही जिला पंचायत सदस्य के आत्मदाह का प्रयास करने एवं धरने की सूचना पर भाजपा के जिला मंत्री संजय चौहान मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित जिला पंचायत सदस्य को समझाकर धरना खत्म कराने में भूमिका निभाई। जिला मंत्री ने बताया कांता प्रसाद के पड़ोसी का गाटा संख्या 233 की जमीन का विवाद कोर्ट मे चल रहा है। कांता प्रसाद की जमीन गाटा संख्या 232 में है। दो दिन पूर्व थी नींव भरने की तैयारी कांता प्रसाद ने रोड से बची अपनी जमीन मे नींव भरने को दो दिन पूर्व ईटें मंगाई थी। लेकिन दूसरे पक्ष ने काम नहीं होने दिया। 112 पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्ष थाने पहुंचे। पुलिस ने राजस्व टीम से सीमांकन पर जोर दिया। जिला मंत्री ने बताया दूसरे पक्ष ने बाद मे जमीन मे धान की रोपाई कर दी। इससे नाराज होकर जिला पंचायत सदस्य धरने पर बैठ गई। तहसीलदार आशीष कुमार ने बताया कि राजस्व टीम ने पैमाइश कराकर पीड़ित के खेत को चिह्नित कर दिया है। पॉपुलर के पेड़ कटने के बाद कब्जा भी कराया जाएगा। कार्यवाही से दोनों पक्ष संतुष्ट हो गए हैं। जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार और कांता प्रसाद ने धरना-प्रदर्शन खत्म कर दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
