बरेली। मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश शेष होने के बावजूद शिक्षकों-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई। बुधवार को जिलाध्यक्ष शिवस्वरूप शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने बीएसए को संबोधित ज्ञापन उप बीएसए विजय कुमार को सौंपा। संघ ने मांग की कि पोर्टल पर आकस्मिक अवकाश उपलब्ध होने पर अनुपस्थिति के आधार पर वेतन न रोका जाए और उपलब्ध अवकाश का समायोजन किया जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि अवकाश रहते वेतन रोकने से शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी होती है। ज्ञापन देने वालों में रोहित सिंह, अजरार हुसैन आगा, हरीश बाबू गंगवार, डॉ. संजय शर्मा, विशेष गंगवार, संजय कुमार शर्मा, बनवारी लाल राठौर, जैनेंद्र भारद्वाज, डीएन मिश्रा, देव कुमार पटेल, चंद्रशेखर मिश्रा समेत करीब 50 शिक्षक मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
