बरेली। पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के करीब 40 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रविवार को सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इन लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राजनीतिक पार्टी के बजाय एक ट्रस्ट के रूप मे चल रहा है। रविवार को उपजा प्रेस क्लब में हुई प्रेस वार्ता के दौरान ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष अजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष सचिन शर्मा, जिला अध्यक्ष आयेंद्र मिश्रा, महानगर अध्यक्ष एकांश गुप्ता समेत करीब 40 लोगों ने इस्तीफे का ऐलान किया। आयेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि बरेली में होने वाली सामान्य वर्ग की महापंचायत में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शामिल होने से रोका गया। हम लोगों को जातिगत आरक्षण का मुद्दा उठाने से भी मना किया जा रहा है। इससे आहत होकर हम लोग इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन का राजनीतिक दल के रूप में पंजीकरण नहीं कराया गया है, बल्कि इसे एक ट्रस्ट के रूप में रखा गया है। उन्होंने विदेश से पैसा आने का आरोप लगाते हुए ट्रस्ट की आर्थिक गतिविधियों की जांच की मांग की। गुटबाजी के चलते दिए गए थे नोटिस : इस बारे में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि गुटबाजी के चलते इन लोगों को पूर्व में कारण बताओ नोटिस दिया गया था। अनुशासनहीनता के चलते इनका निष्कासन किया जा चुका है। इन लोगों ने इस्तीफा दिया जिसको एक सितंबर को ही स्वीकार कर लिया गया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस अपनी भड़ास निकालने का जरिया थी। उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से दो-दो लाख रुपये मांगने के भी आरोप लगाए गए। आरोप लगाया कि जिलाध्यक्षों से भी पर्चियां छपवाकर धन जुटाने के लिए कहा जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
