अभियान चलाने के एक घंटे बाद दोबारा अतिक्रमण

फरीदपुर, बरेली। अभियान चलाए जाने के एक घंटे बाद दोबारा हाईवे पर भीषण अतिक्रमण हो गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान का इंतजार कर रहे लोग मायूस हो गए है। फरीदपुर में हाईवे के दोनों तरफ में बाजार है। बाजार में लोगों ने फड़ और ठेले लगाकर अतिक्रमण कर लिया था। जबकि कन्या इंटर कॉलेजों के सामने अवैध टेंपो स्टैंड बना लिया गया था। शनिवार को लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अविनाश सिंह से शिकायत करके टेंपो स्टैंड हटाने के साथ बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की मांग की। लोगों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण की वजह से लोगों का निकलना दुश्वार हो गया है। पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। जबकि टेंपो स्टैंड की वजह से छात्राओं के साथ छेड़खानी होती है। डीएम ने नगर पालिका परिषद के ईओ और पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित करके अतिक्रमण अभियान चलाने का निर्देश दिया। गुरुवार को नगर पालिका परिषद की टीम ने पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। अभियान पूरा होने के एक घंटे बाद दोबारा से लोगों ने ठेले और फड़ लगा लिए। व्यापार मंडल के अनुज पांडे ने बताया कि नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान की औपचारिकता की गई। इस मामले में नगर पालिका के ईओ पुनीत कुमार ने बताया कि जिन लोगों ने दोबारा अतिक्रमण कर लिया। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे। अवैध टेंपो स्टैंड नहीं हटा सके अधिकारी : फरीदपुर मे हाईवे पर दो कन्या इंटर कॉलेज हैं। उनमें नगर एवं देहात की करीब 4000 बच्चियां पढ़ती हैं। दोनों कॉलेजों के सामने अवैध टेंपो स्टैंड चल रहे हैं। कई बार छात्राओं से छेड़खानी की शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन प्रशासन ने टेंपो स्टैंड नहीं हटा पाया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री महावीर जायसवाल ने टेंपो स्टैंड हटाने की मांग की है।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *