स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी के विरोध में दी FIR के लिए तहरीर

हरिद्वार। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा बिहार की माताओं-बहनों और लोक आस्था के महापर्व ‘छठ पूजा’ की पवित्र परंपराओं पर की गई अभद्र एवं अश्लील टिप्पणी के विरुद्ध आज ‘न्याय मानवाधिकार एवं भ्रष्टाचार विरोधी ट्रस्ट’ ने कड़ा रुख अपनाते हुए कानूनी कदम उठाया है।
ट्रस्ट के मुख्य न्यासी एवं अध्यक्ष अनुप कुमार शर्मा ने आज कोतवाली रानीपुर (हरिद्वार) पहुँचकर प्रभारी निरीक्षक महोदय को एक लिखित तहरीर (शिकायत पत्र) सौंपी और आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं IT अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत की रिसीविंग दी गई और जांच के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनुप कुमार शर्मा ने कहा, “अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर किसी भी समाज की महिलाओं की गरिमा और करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारा ट्रस्ट इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा। हम पुलिस प्रशासन और भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से मांग करते हैं कि आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसके सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स और सार्वजनिक शोज पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।”
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि इस मामले में शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और माननीय न्यायालय के समक्ष इस लड़ाई को आगे ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *