सीएम योगी ने मथुरा को 1,051 करोड़ की दी सैगात, 229 परियोजनाओं का किया उद्घाटन

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन के पवन हंस हेलीपैड पर आगमन के बाद स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह पहुंचकर इसका भव्य लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगीत से हुआ। इसके बाद ब्रज के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का मनमोहक मंचन किया। समारोह में गुजरात के गरबा और ब्रज के प्रसिद्ध मयूर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गई। लोकार्पण से पूर्व मुख्यमंत्री ने भगवान कृष्ण के स्वरूप में सजे-धजे नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराकर उन्हें उपहार भेंट किए। इसके साथ ही उन्होंने ब्रज के प्रमुख संतों फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत सुतीक्ष्ण दास, महंत सनतकुमार शरण महाराज, स्वामी रामदेवानंद सरस्वती और संत बलराम दास का स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान 321 सपेरा समाज के लाभार्थियों को भवन आवंटन पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। मथुरा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने 1,051 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मुझे ब्रज क्षेत्र मे यहां की विकास परियोजनाओं के साथ यहां की लोक पंरपरा और लोक कला के साथ जुड़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। ब्रज की पावन धरा से प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देता हूं। इससे अच्छा अवसर होगा क्या होगा कि ब्रज की भक्ति को जिन्होंने अपनी साधना का केंद्र बिन्दु बनाया, ऐसे पूज्य स्वामी हरिदास जी की स्मृति में प्रेक्षागृह को लोकार्पण, पूज्य संतों और श्रीकृष्ण और राधारानी की अनुयायियों की की उपस्थिति में हो रहा है इसके लिए सभी को हृदय से बधाई देता हूं। पूर्व मंत्री व विधायक श्रीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ब्रज से लेकर गोरखपुर तक सतत विकास हो रहा है। उन्होंने कहा, “योगी बाबा आयो है, एक हजार इक्यावन करोड़ रूपैया लायौ है।” वर्ष 2017 से पहले ब्रज की स्थिति जर्जर थी, लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी और राज्य में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व से क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने बताया कि पूर्व में यमुना में गिरने वाले मथुरा के 36 में से 32 नालों को बंद कर दिया गया है और शेष 4 नाले भी अक्टूबर तक पूरी तरह बंद हो जाएंगे। साथ ही सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर पड़ाव स्थलों के निर्माण का कार्य तेजी से जारी है। हेमा मालिनी सांसद हेमा मालिनी ने ‘राधे-राधे’ के संबोधन के साथ प्रेक्षागृह को ब्रज की कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रेक्षागृह स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान करेगा और आने वाले समय में विश्वभर के कलाकार यहां अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह केंद्र ब्रज की महान परंपरा और भाषा को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, ठाकुर मेघश्याम, संत विजय कौशल महाराज, ओमप्रकाश सिंह, योगेश नौहवार और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *