राजस्थान/ बाड़मेर – जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने सिवाना का दौरा कर उपखंड कार्यालय, पुलिस थाना एवं राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं, कानून- व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत उपखंड कार्यालय से हुई, जहां जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, रिकॉर्ड संधारण, कार्यालयों में साफ-सफाई तथा आमजन को मिलने वाली सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखते हुए आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसके बाद जिला कलक्टर यादव ने सिवाना पुलिस थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, अभिलेखों का रखरखाव, आगंतुक कक्ष, महिला सहायता कक्ष तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों की प्रगति तथा आमजन की शिकायतों के निस्तारण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस आमजन के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाए तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करे। साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात उन्होने राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, प्रयोगशाला, प्रसूति कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए, आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं सहज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर यादव ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक एवं सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।इस दौरान उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत एवं विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
