सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जसोल का किया निरीक्षण : भुवनेश्वर सिंह चौहान

स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा, आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

राजस्थान/बाड़मेर- बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव के दिशा निर्देशों पर अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने जसोल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में विभिन्न वार्डों एवं कक्षों का अवलोकन करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अस्पताल में चिकित्सकों एवं चिकित्सा कार्मिकों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों तथा अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से अस्पताल की दैनिक व्यवस्थाओं एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।

अतिरिक्त जिला कलक्टर चौहान ने निर्देश दिए कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर आने वाले मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने अस्पताल में आवश्यक दवाइयों के स्टॉक एवं उपलब्धता की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाइयां समय पर उपलब्ध हो। दवाइयों के स्टॉक का नियमित संधारण एवं निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर, मरीजों के वार्ड, ओपीडी एवं अन्य कक्षों में साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा मरीजों के लिए स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों एवं संसाधनों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों का नियमित रखरखाव किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार उनका उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों से कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *