बरेली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगों को बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक और सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंट को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मोबाइल फोन और बैंक खातों का विवरण लिखा एक कागज बरामद हुआ है। मोबाइल की जांच में बैंक खातों के लेनदेन और कमीशन से संबंधित व्हाट्सएप चैट समेत अन्य डिजिटल सामग्री मिली है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि गुरुवार को वीरांगना चौक के पास से बदायूं में थाना बिनाकर के गांव बिछुरइया निवासी जाबिर खान को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से बरामद हुए मोबाइल में व्हाट्सएप के जरिये बैंक खातों के लेनदेन और कमीशन को लेकर बातचीत के साक्ष्य मिले हैं। इसके अलावा अन्य लोगों के पैन कार्ड, यूपीआई और बैंक पासबुक आदि से संबंधित फोटो व डिजिटल सामग्री भी मिली। पुलिस ने जरूरी स्क्रीनशॉट लेकर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दो खातों के खिलाफ दूसरे राज्यों में शिकायत : पुलिस ने बताया कि जाबिर खान के पास मिले कागज पर लिखे दो बैंक खाता नंबरों की समन्वय पोर्टल पर जांच की गई। इनमें से एक खाते के संबंध में तमिलनाडु और दूसरे खाते के संबंध में दिल्ली में शिकायत दर्ज है। पुलिस मामले में बैंकिंग और डिजिटल अभिलेख जुटाकर आगे की जांच कर रही है। दिल्ली के ठगों को देता था बैंक खाते : पूछताछ में जाबिर ने बताया कि वह बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक और सिम की व्यवस्था कर दिल्ली के साइबर ठगों को उपलब्ध कराता था। इसके बदले उसे कमीशन मिलता था। उसने पूर्व में भी अन्य मामलों में जेल जाने की बात बताई है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
