* एक दिन में किए तीन दर्ज़न भूमि आवंटन
राजस्थान/बाड़मेर- धौरीमन्ना उपखण्ड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने मंगलवार को तीन दर्जन से अधिक राजकीय प्रयोजन के लिए भूमि आवंटन आदेश कर रिकॉर्ड क़ायम किया है। उपखण्ड क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बरसों से भूमि आवंटन के मामले लंबित होने से भवन निर्माण और रिकॉर्ड में नामान्तरकरण की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। कई विद्यालयों के लिए भूमि राजकीय पक्ष में समर्पण के बाद भी आवंटन नहीं होने से अतिक्रमण होने की संभावना रहती है। ऐसे में ग्राम सेवा शिविरों के दौरान एसडीओ विश्नोई ऐसे सरकारी विद्यालयों को चिह्नित किया और आवंटन प्रस्ताव तैयार करवाए।
मंगलवार को एसडीओ ने एक दर्जन प्राथमिक और एक दर्जन उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए भूमि आवंटन के आदेश जारी किए । उन्होंने ने पशु पालन विभाग से भूमि विहीन पशु उप केंद्रों की सूची लेकर ऐसे तेरह पशु उप केंद्रों को भूमि आवंटन करने की कार्रवाई की। विद्यालयों के संस्था प्रधानों की मांग पर एसडीओ विश्नोई ने तकरीबन एक दर्ज़न उच्च माध्यमिक विद्यालयों और खेल मैदानों के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव तैयार करवाए। किसानों की मांग पर उन्होंने जीएसएस बूल और चौनपुरा के लिए भूमि आवंटन की कार्रवाई की।
एसडीओ विश्नोई ने बताया कि सरकारी कार्यालयों को अब भूमि आवंटन होने से आम जनता के लिए जन सुविधाओं का विस्तार होगा। उपखण्ड अधिकारी ने हाल ही में नगरपालिका मुख्य बाज़ार, ब्रिज के नीचे और राजकीय सड़क सीमा में स्थित अतिक्रमण को हटवा कर आम जनता को बड़ी राहत दी। इस दौरान तहसीलदार चन्द्रप्रकाश शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष धोरीमन्ना अनिल सेठिया, महामंत्री केसाराम सहित अन्य ग्रामीण और कार्मिक भी मौजूद रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
