शिक्षक दिवस पर बारिश में हिबा ग्रीन फाउंडेशन ने बागवानी विभाग के सहयोग से किया वृक्षारोपण

ग्रेटर नोएडा – शिक्षा दिवस के अवसर पर हिबा ग्रीन फाउंडेशन द्वारा ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-2 में एरोज़ संपूर्णम सोसाइटी के गेट नंबर 2 के ग्रीन बेल्ट में सामुदायिक पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत कुल 130 पौधे लगाए गए, जिसमें स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही।

बारिश के बीच आयोजित इस पौधारोपण कार्यक्रम का वातावरण बेहद उत्साहपूर्ण रहा। बारिश ने लोगों के उत्साह को कम करने के बजाय प्रकृति के प्रति उनके जुड़ाव को और मजबूत किया। बच्चों से लेकर स्थानीय नागरिकों तक, लोगों ने पौधे लगाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हाथों से पौधे लगाकर उन्हें भविष्य के लिए संजोने का संकल्प लिया।

इस अभियान के लिए पौधे, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए। हिबा ग्रीन फाउंडेशन ने पौधों की व्यवस्था में सहयोग के लिए श्यामा प्रसाद (एस. एम.) और धर्मेंद्र का विशेष आभार व्यक्त किया। प्राधिकरण और स्थानीय समुदाय के सहयोग से यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामुदायिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना को भी मजबूत करने वाला बना।

इस अभियान में संस्था के कर्मठ कार्यकर्ता वीरेंद्र लाल का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। इसके साथ ही उन्होंने ठेकेदार की सहायता से अभियान के लिए आवश्यक गड्ढे भी स्वयं करवाए। उनके समर्पण ने यह दिखाया कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी संस्था या अभियान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि व्यक्तिगत प्रतिबद्धता और निरंतर श्रम से जुड़ा कार्य है।

हिबा ग्रीन फाउंडेशन ने इस अवसर को केवल पौधारोपण कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि 5 सितंबर, शिक्षक दिवस को वास्तविक अर्थों में मनाने के एक प्रयास के रूप में देखा। शिक्षा केवल पुस्तकों और कक्षाओं तक सीमित नहीं है। प्रकृति की रक्षा करना, पेड़ लगाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण तैयार करना भी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

हिबा ग्रीन फाउंडेशन एक ओर जहां मौजूदा जंगलों और पेड़ों को कटने से बचाने के लिए प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर नए जंगल उगाने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है। संस्था का मानना है कि केवल पर्यावरण के नुकसान पर चिंता व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है; वास्सविक बदलाव के लिए जमीन पर उतरकर काम करना आवश्यक है।

सेक्टर-2 में लगाए गए ये 130 पौधे इसी सोंच का प्रतीक हैं। आज लगाए गए छोटे-छोटे पौधे आने वाले वर्षों में बड़े वृक्ष बनेंगे और लोगों को छाया, हरियाली तथा स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करेंगे। बारिश में मिट्टी से जुड़े इन पौधों के साथ लोगों ने एक संदेश भी दिया- प्रकृति की शिक्षा केवल पढ़ी नहीं जाती, उसे जिया भी जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *