शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, हत्या का आरोप

अलीगंज, बरेली। राजपुर-आंवला मार्ग पर मंगलवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में बुधवार को नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजन और गांव लोग शव लेकर अलीगंज थाने पहुंचे। उन्होंने हादसे को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की। राजपुर कलां निवासी 23 वर्षीय अंकित कुमार मंगलवार को आंवला गया था। देर शाम बाइक से लौटतेसमय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे। मृतक के भाई संचित यादव ने आरोप लगाया कि उसके भाई की योजना बनाकर हत्या की गई है।। मृतक की बहन खुशबू ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के गौरव पुत्र भीम सिंह और संजय पुत्र दन्ने सिंह उर्फ दान सिंह पर पुरानी रंजिश के चलते अंकित को बहाने से बुलाकर अपने साथ ले जाने उसके साथ मारपीट के बाद सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के मुताबिक अंकित कुछ दिन पहले ही गांव आया था। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में एक भाई और दो बहनें हैं। घटना के समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *