भोजीपुरा, बरेली। भोजीपुरा के गांव कोडमपुर में रहने वाली 23 वर्षीय गीता की शादी खितौसा निवासी जसवंत के साथ हुई थी। गुरुवार सुबह जसवंत शराब भट्ठी पर नौकरी करने चला गया और इसी बीच गीता ने कमरे में जाकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उनकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और आठ महीने की एक बच्ची है। गीता की सास द्रोपदी ने उसे फंदे से लटका देखकर शोर मचाया तो परिजन ने शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर भोजीपुरा थाने से एसएसआई राजकुमार सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी वहां पहुंचकर जांच की। नायब तहसीलदार भोजीपुरा प्रभात मिश्रा ने पंचायतनामे की कार्रवाई कार्रवाई कराई। इस दौरान मायके पक्ष की महिलाओं ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया और दिल्ली में रहकर मजदूरी करने वाले भाई की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही। पुलिस के समझाने पर महिलाओं ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए जाने दिया। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मायके वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। अगर वे लोग तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम : फरीदपुर, बरेली। थाना भुता क्षेत्र के गांव मैकपुर कला निवासी 15 वर्षीय दिव्यांशी कक्षा 10 की छात्रा थी। वह बारादरी की आजाद नगर कॉलोनी में अपनी मां श्यामलता के साथ किराये पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। श्यामलता कहीं नौकरी करती हैं। गुरुवार सुबह वह काम पर चली गईं तो पूर्वाह्न करीब 11 बजे दिव्यांशी ने दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। जानकारी होने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह के मुताबिक माता-पिता के बीच अक्सर विवाद हो जाता था, जिसको लेकर दिव्यांशी परेशान रहती थी। मगर मौत की सही वजह अभी स्पष्ट नही है।
— बरेली से कपिल यादव
