वनखंडीनाथ मंदिर और त्रिशूल चौराहे पर लगेंगी भगवान शिव की प्रतिमाएं

बरेली। नगर निगम शहर के जोगी नवादा स्थित वनखंडीनाथ मंदिर और बैरियर-2 के पास त्रिशूल चौराहे पर भगवान शिव की दो बेहद आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित करेगा। इसके लिए अगले सप्ताह से काम शुरू करने का दावा है। दिवाली से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मथुरा की निर्माण फर्म ग्लिम्प्टिक आर्ट के प्रतिनिधियों ने नगर निगम के अभियंताओं के साथ दोनों चिह्नित स्थलों का निरीक्षण किया। प्रतिमाओं की स्थापना, उनकी विशिष्ट डिजाइन और आसपास के क्षेत्र को निखारने वाले सौंदर्यीकरण के खाके पर अंतिम मुहर लगाई गई। नगर निगम के एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि यह परियोजना सिर्फ प्रतिमा स्थापना तक सीमित नहीं है। दोनों स्थलों पर अत्याधुनिक लाइटिंग, आकर्षक सजावटी कार्य और बेहतरीन लैंडस्केपिंग भी की जाएगी। त्रिशूल चौराहे पर सेना की गौरवशाली मौजूदगी के बीच भगवान शिव के आदियोगी स्वरूप की प्रतिमा का संयोजन अनूठा और आकर्षण का केंद्र होगा। वनखंडीनाथ मंदिर परिसर के बाहर स्थापित होने वाला महादेव का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। यह दोनों प्रतिमाएं लगाने वाली संस्था ने ही रामगंगा नगर स्थित बीडीए की रामायण वाटिका में 51 फुट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा का निर्माण किया था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *