*राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक ने सीएमओ को भेजा पत्र, 22 से शुरू होगा अभियान
*शहर से लेकर ग्रामीण स्तर तक चलेगा सत्र, बच्चों को नौ खुराकें देने की तैयारी की गई
आगरा-बच्चों में विटामिन-ए की खुराक पिलाकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए 22 दिसम्बर से अभियान को शुरू किया जाएगा। विटामिन की खुराक नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को पिलाई जाएगी। बच्चों को नौ खुराकें दिए जाने के लिए खाका तैयार कर लिया। कोशिश है कि विटामिन की खुराक के जरिए उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ोतरी की जा सकें।
22 दिसम्बर से शुरू होने वाले अभियान के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक ने सीएमओ को पत्र भेजा है। जिसमें बच्चों को माइक्रोप्लान वीएचएनडी व यूएचएनडी सत्रों में विटामिन-ए पिलाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा.अरूण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सत्र के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखना है। एक बार में दस से अधिक बच्चे एकत्रित न हो। उन्हें कुछ अंतराल में ही बुलाया जाए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सभी लाभार्थियों के लिए सत्र का आयोजन किया जाए। वीएचएसएनडी व यूएचएनडी दिवस पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, एसीएमओ, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी आदि मॉनीटरिंग करेंगे। अभियान को लेकर सारी तैयारियों को पूरा कर लिया गया।
विटामिन की दवा पिलाने का यह बना प्लान
एसीएमओ आरसीएच डा.संजीव वर्मन ने बताया कि विटामिन की दवा पिलाने के लिए कार्ययोजना को तैयार कर ली गई। नौ से 12 माह तक के बच्चे को आधा चम्मच यानी एक एमएल दवा देना है। एमआर के प्रथम टीके के साथ नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान दे सकते हैं। 16 से 24 माह तक दो एमएल या पूरा चम्मच दवा बच्चे को पिलाएं। यह एमआर के दूसरे टीके के साथ नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान दे सकते हैं। 2 से पांच वर्ष तक के बच्चे को दो एमएल विटामिन ए घोल दें। छह-छह माह के अंतराल पर बाल स्वास्थ्य पोषण माहों के दौरान घोल दिया जा सकता है।
अभियान से पहले तैयार किया खाका
-आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सहयोग से विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन के लिए नौ से पांच माह तक के बच्चों की सूची तैयार कर ली गई। एक हजार की आबादी पर 120 से 130 बच्चे अपेक्षित हैं।
-ऐसे गांव और मजरे, जहां वीएचएनडी सत्र निर्धारित नहीं हैं। वहां छूटे हुए बच्चों के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सत्रों का आयोजन किया जाए।
-कोविड के दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रहेगा। हर बच्चे के लिए प्लास्टिक की डिस्पोजल चम्मचों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधि से कराएं उद्धाटन
-विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री, सांसद, स्थानीय सभासद या डीएम के द्वारा कराने के निर्देश दिए। मिशन के निदेशक ने पत्र में बताया कि स्वास्थ्य एवं आईसीडीएस विभाग के अतिरिक्त शिक्षा, पंचायत, ग्राम विकास व स्वयं सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। उद्घाटन में नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को माताओं के साथ आमंत्रित कर विटामिन ए की खुराक, उनका वजन व विटामिन ए के लाभ, स्तनपान व पूरक पोषाहार संंबंधी लाभ से अवगत कराया जाए।
– योगेश पाठक आगरा
