मीरगंज, बरेली। जनपद की तहसील मीरगंज क्षेत्र के गांव कपूरपुर मे रामगंगा नदी का कटान लगातार तेज होता जा रहा है। नदी की धार अब गांव की ओर बढ़ रही है। जिससे किसानों की कई बीघा जमीन नदी में समा चुकी है। कटान अब गांव के एक मंदिर के बेहद करीब पहुंच गया है। इससे ग्रामीणों में मंदिर के अस्तित्व को लेकर चिंता बढ़ गई है। पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण रामगंगा का जलस्तर बढ़ गया था। जलस्तर कम होने के बाद नदी की तेज धार अब किनारों पर कटान कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार नदी तेजी से खेतों की जमीन काट रही है। जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है और आने वाले दिनों में नुकसान बढ़ने की आशंका है। रामगंगा नदी के कटान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नदी की धारा मंदिर के बिल्कुल समीप बहती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल बचाव कार्य शुरू कराने और मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र को कटान से बचाने की मांग की है। एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि प्रशासन रामगंगा नदी की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। बाढ़ खंड के अधिकारियों से भी संपर्क में हैं। कहा कि प्रशासन ग्रामीणों के साथ खड़ा है और स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
