बरेली। रक्षाबंधन से पहले बरेली के बाजार राखियों की नई डिजाइन और रंगों से सज गए हैं। बहनों को इस बार पारंपरिक राखियों के साथ कैमरा, इविल आई, मीनाकारी और कुंदन डिजाइन वाली राखियां खास पसंद आ रही हैं। भाई-भाभी के लिए मैचिंग राखी और लुंबा के कॉम्बो की भी खूब मांग है। त्योहार नजदीक आते ही बुधवार को सिविल लाइंस, कुतुबखाना, राजेंद्र नगर समेत शहर के प्रमुख बाजारों में राखी खरीदने वालों की भीड़ उमड़ी। बाजार में इस बार परंपरा और आधुनिकता का अनूठा मेल देखने को मिल रहा है। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और खिलौनों वाली राखियां उपलब्ध हैं तो भाइयों के लिए इविल आई वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मीनाकारी, कुंदन और बीड्स वाली राखियों की भी मांग है। महिलाओं के लिए मैचिंग कड़े और ब्रेसलेट वाली राखियां भी बाजार में उतारी गई है। 250 से 300 रुपये के कॉम्बो की ज्यादा मांग : व्यापारियों के मुताबिक बाजार में 15 रुपये से राखियां उपलब्ध हैं। भाई-भाभी कॉम्बो 250 से 300 रुपये में सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं। इनमें भाई के लिए राखी और भाभी के लिए मैचिंग लुंबा शामिल है। व्यापारियों का कहना है कि दिल्ली, अलवर, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों से राखियों के नए डिजाइन मंगाए गए हैं। ऑनलाइन बाजार में भी राखियों की धूम : ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी रक्षाबंधन की खरीदारी जोर पकड़ रही है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियां राखी के साथ रोली-अक्षत और गिफ्ट पैक के कॉम्बो ऑफर दे रही हैं। ऐसे में बाजार से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक रक्षाबंधन की खरीदारी का असर साफ दिखाई दे रहा है। सोने-चांदी की राखियों की भी मांग बढ़ी : सर्राफा कारोबारियों ने इस बार सोने और चांदी की राखियों की नई रेंज बाजार में उतारी है। करीब 1200 रुपये से शुरू होने वाली चांदी की राखियों से लेकर 50 हजार रुपये तक की सोने की राखियां उपलब्ध हैं। ग्राहक इन्हें पारंपरिक राखी के साथ यादगार उपहार के तौर पर भी पसंद कर रहे हैं। राखी के साथ सोने-चांदी के सिक्के, पायल और अन्य आभूषणों की खरीदारी भी बढ़ी है।
बरेली से कपिल यादव
