मीरगंज, बरेली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की बैठक सोमवार को कस्बे मे स्थित एक दुकान पर जिलाध्यक्ष अकरम खान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में यूपीआई और कैशलेस भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में बाजारों में अभियान चलाने को लेकर चर्चा की गई। व्यापारियों ने सरकार से व्यापारी हित में निर्णय लेने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि व्यापारी पहले से ही ऑनलाइन ट्रेडिंग की चुनौती से जूझ रहे हैं। धनतेरस और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार नजदीक है। ऐसे समय मे ऑनलाइन भुगतान पर शुल्क लगाए जाने की चर्चाओं से व्यापारियों की चिंता बढ़ रही है। जिला महासचिव कमल गुप्ता ने कहा कि छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े शॉपिंग मॉल तक डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में शुल्क लगाए जाने से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने व्यापारियों से कैशलेस भुगतान से बचने की अपील की। बैठक मे प्रदीप कुमार गर्ग, गौरव गर्ग, उबैस अख्तर अंसारी, जावेद आलम, जाकिर हुसैन आदि व्यापारी थे।।
बरेली से कपिल यादव
