मुरादाबाद मे होमगार्ड भर्ती दौड़ मे हार्टअटैक आने से बरेली के युवक की मौत

मुरादाबाद, बरेली। होमगार्ड बनने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत 9वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में दौड़ लगा रहे बरेली निवासी अभ्यर्थी की शुक्रवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। दौड़ के 11 राउंड पूरे करने के बाद अंतिम राउंड लगा रहा अभ्यर्थी शिवम अचानक गश खाकर गिर गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिवम का शव देख बरेली बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रहे उसके पिता विनोद यादव भी बेसुध हो गए। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना की सूचना पर एसएसपी सतपाल अंतिल भी जिला अस्पताल पहुंचे। बाद मे पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। बरेली जिले के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती वंशीनगला बेनीपुर चौधरी निवासी शिवम यादव(27) के पिता पेशे से अधिवक्ता है और बरेली बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रहे हैं। शिवम ने होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा और दस्तावेजों की जांच पड़ताल पास कर ली थी। शुक्रवार को उसकी शारीरिक दक्षता परीक्षा(दौड़) थी। इसके लिए गुरुवार रात 11 बजे वह अपने पिता विनोद कुमार के साथ बरेली से मुरादाबाद के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह पांच बजे ही लाइन में लगकर जांच और बायोमेट्रिक अटेंडेंस के बाद वह 9वीं वाहिनी पीएसी के ग्राउंड पर उतरा था। उसके रिश्ते का भाई हिमांशु भी होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शामिल होने आया था। हिमांशु ने बताया कि शिवम की पांचवी शिफ्ट में दौड़ हो रही थी। उसे 28 मिनट में 4800 मीटर दौड़ना था। सुबह करीब सवा आठ बजे शिवम अपनी दौड़ के 11 राउंड पूरे करके 12वां और अंतिम राउंड लगा रहा था। अपने लक्ष्य से बामुश्किल 60-70 मीटर दूर था तभी 8:16 बजे गश खाकर अचानक ट्रैक पर गिर गया। उसके मुंह से झाग दिखाई दिया। ग्राउंड में पहले से मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और पुलिस की मदद से उसे उठाकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सीपीआर दिया, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थी। उधर ग्राउंड के बाहर मौजूद शिवम के पिता विनोद यादव को बेटे के बेहोश होने की जानकारी हुई तो वह भी भागकर जिला अस्पताल पहुंच गया। यहां मोर्चरी में बेटे का शव देख पिता विनोद भी बेसुध होकर गश खाकर गिरे और बेहोश हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में सिविल लाइंस पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है और उसका हार्ट भी आगे की जांच के लिए प्रिजर्व कराया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *