बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र मे मंदिर जा रही महिला से कुंडल छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास मंगलवार तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से छीने गए दो कुंडल, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद की गई है। शहर के संजयनगर निवासी पूनम ने 13 सितंबर को बारादरी थाने में सूचना दी थी। नौ सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपनी बेटी और पड़ोसन के साथ हरि मंदिर, मॉडल टाउन जा रही थी। मॉडल टाउन गेट के पास पहुंचने पर पीछे से आए एक व्यक्ति ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कुंडल छीन लिए। इसके बाद आरोपी आगे बाइक पर बैठे साथी के साथ मॉडल टाउन की ओर भाग गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार को भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में अजय मिश्रा घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने अजय मिश्रा के अलावा पिंटू मिश्रा और तरुण उर्फ आकाश निवासी नई बस्ती, फतेहगंज पूर्वी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी कह रहा है कि माफ कर दो साहब।।
बरेली से कपिल यादव
