भोजीपुरा में सड़क किनारे खून से लथपथ मिला बुजुर्ग का शव

भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा के कस्बा धौराटांडा में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग का शव सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतक की पहचान धौराटांडा निवासी 65 वर्षीय सियाराम श्रीवास्तव के रूप मे हुई है। परिजनों ने उनकी हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टा इसे सड़क हादसा मान रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के अनुसार सियाराम श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनका शव धौराटांडा-बिबियापुर मार्ग पर घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। सियाराम के सीने, गले, सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान मिले। परिजनों का कहना है कि सियाराम की हत्या कर शव सड़क पर फेंका गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टा मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सके। फील्ड यूनिट ने की जांच : सूचना पर भोजीपुरा पुलिस, पीआरबी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *