भाजपा विधायक के अस्पताल में मरीज के ऊपर गिरी एक्सरे मशीन, मौत

नवाबगंज, बरेली। जनपद के नवाबगंज के विधायक डॉ. एमपी आर्य के अस्पताल में मंगलवार को एक्सरे के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक्सरे करते समय मशीन मरीज के ऊपर गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई और परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शाहपुरजी सुखराय गांव के रहने वाले 70 वर्षीय मिश्रीलाल उर्फ लाला प्रसाद तालाब में मछली पालन कर परिवार का भरन पोषण करते थे। मिश्रीलाल के परिजनों ने बताया कि विगत शुक्रवार को पेट में दर्द अधिक होने के कारण उन्हें पीलीभीत हाईवे स्थित विधायक डा. एमपी आर्य के आर्य हास्पिटल एण्ड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में डॉक्टर से उपचार कराने के लिए लेकर आए। परिजनों का आरोप है कि मामूली दर्द के बावजूद डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया। मंगलवार को एक्सरे के लिए ले जाने के दौरान मशीन उनके ऊपर गिर गई। घटना होते ही एक्सरे कक्ष का स्टाफ वहां से हट गया। सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। तुरंत ही सीओ और कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज पहले से गंभीर था और घबराहट में उसका पैर मशीन में फंसने से मशीन का एक हिस्सा गिरा। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और तहरीर देने से इनकार कर दिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *