बरेली। समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय शुक्रवार को बरेली पहुंचे। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर जमकर हमला बोला। राम मंदिर से जुड़े चंदा विवाद, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, संविधान और जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन समेत कई विषयों पर उन्होंने सरकार को घेरा। सांसद सनातन पांडेय ने राम मंदिर से जुड़े चंदा और चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पूरे देश के सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर जुटाए गए चंदे में गड़बड़ी करने वाले लोग भाजपा सरकार के संरक्षण में हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों और युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किए। रोजगार सृजन के बजाय बेरोजगारी बढ़ी है और आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। सरकार विकास के बजाय केवल प्रचार की राजनीति कर रही है। सांसद ने कहा कि संविधान की शपथ लेने के बावजूद सत्ता पक्ष के नेता हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रहे हैं। यदि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर काम करती तो देश आज विकास की नई ऊंचाइयों पर होता। उन्होंने यह भी कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सनातन पांडेय ने कहा कि प्रदेश में अपराध और अराजकता की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन और आंदोलन के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी को कुछ बताने की जरूरत नहीं है। जनता सब कुछ देख और समझ रही है तथा समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला सुनाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पीलीभीत जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
