शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ पुलिस ने अपने ही भाई की हत्या के मामले में फरार चल रहे कातिल भाई हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक को मंगलवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम के आरक्षी अंकुर भाटी के हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को ग्राम खजुआ जागीर निवासी इसरार पुत्र लतीफ उर्फ लल्ला खां की उसके बड़े भाई गुड्डू उर्फ तौफीक ने आपसी विवाद के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी थी। उपचार के लिए ले जाते समय इसरार की मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना शेरगढ़ में पुलिस ने मृतक के भाई गुड्डू उर्फ तौफीक व नदीम असलम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियो की तलाश की कर रही थी। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से कस्बापुर पुल की ओर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम द्वारा रुकने का संकेत देने पर आरोपी भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे आरक्षी अंकुर भाटी घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध 12 बोर का तमंचा, दो जीवित कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद तमंचे से ही उसने 16 जुलाई को अपने भाई इसरार की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, मुठभेड़, आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में इंस्पेक्टर राजेश कुमार बरिष्ठ उपनिरीक्षक आदित्य गौरव नरेन्द्र शर्मा हिमांशु कुमार केन हेड कांस्टेबल विक्रांत सिंह अनिल कुमार अरुण कुमार आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
