फरीदपुर, बरेली। विकास कार्यों के प्रस्ताव पर कार्य नही कराए जाने का आरोप लगाते हुए बोर्ड की बैठक में सभासदों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। हंगामे के दौरान पालिका अध्यक्ष बोर्ड की बैठक से उठकर चले गए। पिछले महीने दो जुलाई को नगर पालिका परिषद की बोर्ड की बैठक में सभासदों ने सावन के महीने में हो रहे गलियों में जल भराव संकट को दूर करने के लिए इंटरलॉकिंग का काम कराए जाने की मांग की। 25 सभासदों ने चार-चार गलियों में इंटरलॉकिंग और सीसी रोड बनाए जाने के लिए प्रस्ताव रखे। एक महीना बीतने के बाद भी कोई कार्य नहीं कराए गए। मंगलवार को एजेंडा के मुताबिक सभासद बोर्ड की बैठक में शामिल होने पहुंचे। पालिका चेयरमैन शराफत ने कार्रवाई शुरू करने की इजाजत दी। इसी दौरान सभासद नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। सभासदों ने कहा कि पिछले महीने की बोर्ड की बैठक के प्रस्ताव पर विकास कार्य नहीं कराए गए जबकि एक साल पहले डीएम की ओर से अनुमोदित कराए गए 6 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्ताव अटके पड़े हैं। नगर में दो वर्षों से प्रकाश व्यवस्था के लिए बिजली के उपकरण नहीं खरीदे गए हैं। इस वजह से नगर में ब्लैक आउट है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिजली के खंभों पर तिरंगे की लाइट नहीं लगाई गई। सभासदों ने जोरदार हंगामा करते हुए नए प्रस्तावों को बैठक में रखने से इनकार कर दिया। हंगामे के दौरान पालिका चेयरमैन शराफत बीच बैठक से उठकर चले गए। बैठक में तमाम सभासद मौजूद रहे। इस मामले में ईओ पुनीत कुमार ने बताया कि पिछले प्रस्तावों पर जल्द ही विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
