बरेली। बारिश थमने का नाम नहीं ले रही और शहर के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सड़कें पानी में डूबी हैं, गलियों में घुसा पानी लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। ऐसे हालात में बच्चों को स्कूल भेजने का जोखिम प्रशासन ने भी नहीं उठाया। सोमवार की छुट्टी के बाद अब मंगलवार और बुधवार को भी कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आदेश के बाद स्कूलों में दो दिन और छुट्टी बढ़ा दी गई है। रविवार से शुरू हुई तेज बारिश सोमवार को भी जारी रही। लगातार बरसात से शहर के कई हिस्से पानी में डूब गए। निचले इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। कहीं सड़कें नजर नहीं आ रहीं तो कहीं घरों और दुकानों तक पानी पहुंच गया है। जलभराव के चलते लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है और कई जगह यातायात भी बुरी तरह प्रभावित है। बारिश और जलभराव के बीच बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। मंगलवार और बुधवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में पढ़ाई नहीं होगी। यह फैसला सरकारी स्कूलों के साथ मान्यता प्राप्त और अलग-अलग बोर्ड से संचालित स्कूलों पर भी लागू होगा। प्रशासन ने स्कूल संचालकों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए है। वही फतेहगंज पश्चिमी के रफियाबाद स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल ने भी बाढ़ देखते हुए आवासीय बच्चों की छुट्टी कर दी।।
बरेली से कपिल यादव
