बाड़े में आग लगने से जली तीन बकरियों की 8 घंटे में सहायता राशि स्वीकृत करवाई

राजस्थान/बाड़मेर- सीलगण गांव में रविवार रात पशु बाड़े में अचानक आग लगने से तीन बकरियां जिंदा जल गईं। घटना की सूचना मिलते ही धोरीमन्ना एसडीओ बद्रीनारायण विश्नोई स्वयं मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई की। प्रशासन ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर सहायता प्रकरण तैयार करवाकर सहायता राशि स्वीकृति के लिए भेज दिया।

हल्का पटवारी एवं ग्रामीणों से सूचना मिलने पर एसडीओ बद्रीनारायण विश्नोई वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश विश्नोई के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पीड़ित दुर्गाराम मेघवाल ने बताया कि रविवार रात पशु बाड़े में अचानक आग लग गई, जिससे तीन बकरियां आग की चपेट में आकर जल गईं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

एसडीओ विश्नोई ने मौके पर ही मृत बकरियों का पोस्टमार्टम करवाने के निर्देश वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश विश्नोई को दिए। निर्देशानुसार पशु चिकित्सक राजेश कुमार ने तीनों मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कर रिपोर्ट तैयार की।
पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एसडीओ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घटना के 8 घंटे के भीतर सहायता प्रकरण तैयार करवाकर सहायता राशि स्वीकृति के लिए भिजवाया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद जगी है। इस दौरान ग्राम पंचायत सीलगण के सरपंच रिडमलराम मेघवाल, पीड़ित दुर्गाराम मेघवाल, हल्का पटवारी भीमथल जयचंद बेनिवाल, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश विश्नोई, पशुधन निरीक्षक गैरो सारण, जोगाराम, राजूराम सहित प्रभावित परिवार के सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *