बाड़मेर नगर परिषद में भाजपा से सभापति के लिए होगें उम्मीदवार गौतमचंद जैन

राजस्थान/बाड़मेर- बाड़मेर नगर परिषद के सभापति के लिए दूसरे दिन बुधवार को पांच अभ्यर्थियों की ओर से छह नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए।रिटर्निंग अधिकारी वीरमा राम ने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद सभापति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से गंगाविशन,गौतम चन्द एवं सुनील कुमार सिंघवी, इंडियन नेशनल कांग्रेस से जयमल सिंह एवं श्रीमती मधुलता ने इंडियन नेशनल कांग्रेस एवं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए।

उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को की जाएगी।जबकि अभ्यर्थिता वापिस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर है और इसी दिवस अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितंबर को अभ्यर्थिता वापिस लेने के समय समाप्ति के उपरांत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात इसी दिवस मतगणना की जाएगी। इसी तरह उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे एवं नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11ः30 बजे से होगी l अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। यदि आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2ः30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा एवं मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *