बागुण्डी एवं दूदवा के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा : भुवनेश्वर सिंह चौहान

राजस्थान/बाड़मेर- जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर बालोतरा सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बागुण्डी स्थित मतदान केंद्र संख्या 13 एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दूदवा स्थित मतदान केंद्र संख्या 34 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होने दूदवा स्थित मतदान केंद्र संख्या 34 में क्षतिग्रस्त फर्श को सही करवाने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर चौहान ने विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए पात्रता प्राप्त करने पर मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत करवाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। युवा वर्ग को भी मतदाता जागरूकता के प्रति सजग रहकर अपने परिवार एवं समाज के लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करना चाहिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने विद्यालयों में विद्यार्थियों से बातचीत कर शिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। इसके पश्चात अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने दूदवा उप तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में संचालित कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कार्मिकों को राजकीय कार्यों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *