अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की बरेली इकाई में जिलाध्यक्ष राहुल यदुवंशी ने भरा जोश

* समूचे रुहेलखंड मंडल में शीघ्र ही ब्लॉक-ग्राम स्तर पर खड़ा होगा संगठन

* राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी.एल. गंगवार ने महासभा के 132 साल पुराने गौरवशाली इतिहास और संघर्ष पर डाली रोशनी

* 31 अक्तूबर को पटेल चौक बरेली में लौहपुरुष वल्लभ भाई पटेल जयंती धूमधाम से मनाने का आह्वान भी किया

बरेली। अखिल भारतीय कुर्मि क्षत्रिय महासभा बरेली जिला इकाई की प्रथम बैठक बुधवार सायं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राहुल यदुवंशी के कुशल संचालन में मिनी बाईपास बरेली स्थित क्लब 7 बैंक्विट हॉल में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और यूपी-बिहार प्रभारी सी.एल. गंगवार ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बरेली मंडल अध्यक्ष हरीश गंगवार, मंडल महामंत्री डॉ. संजय पटेल और संरक्षक राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक लाल बहादुर गंगवार मंचासीन रहे।

अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीएल गंगवार ने संगठन के संघर्षों भरे गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया-वर्ष 1894 में ब्रिटिश हुकूमत में संयुक्त प्रांत (यूपी) के तत्कालीन पुलिस प्रमुख के अन्यायकारी फैसले में राज्य के पूरे कुर्मी क्षत्रिय समाज को बाग़ियों (स्वतंत्रता सेनानियों) का मददगार ठहराते हुए पुलिस सेवा में भर्ती के अयोग्य घोषित कर दिया गया। इस दमनकारी फैसले को पलटवाने के मक़सद से उसी साल लखनऊ के बाबू गेंदन लाल की अध्यक्षता में इस संगठन का गठन किया गया। संगठन के बैनर तले राज्य भर में व्यापक विरोध प्रदर्शनों का असर यह हुआ कि दो साल के भीतर ही ब्रिटिश हुकूमत को फैसला वापस लेते हुए कुर्मी समाज को भी पुलिस में भर्ती का अधिकार ससम्मान लौटाना पड़ा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि मध्य प्रदेश के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी बीएस निरंजन वर्तमान में संगगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और देश के 23 राज्यों में हमारा संगठन सक्रिय है। देश भर में फैले 32 करोड़ से भी अधिक कुर्मी क्षत्रिय समाज को संगठन की छतरी तले लाना और राजनीतिक-सामाजिक सम्मान-भागीदारी वापस दिलवाना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है।
बरेली मंडल अध्यक्ष हरीश गंगवार ने बरेली-रुहेलखंड मंडल के सभी जिलों में संगठन का ढांचा जल्द खड़ा करने का संकल्प दोहराया। मंडल महामंत्री डॉ. संजय पटेल ने संगठन के कार्यों में पूरी पारदर्शिता रखने, जरूरतमंदों की मदद के लिए मिलजुलकर और आगे बढ़कर काम करने का आह्वान किया। बैठक में 31 अक्तूबर को सुबह नौ बजे पटेल चौक बरेली में कुर्मि क्षत्रिय समाज के प्रेरणास्रोत लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पावन जयंती धूमधाम से मनाने का भी संकल्प लिया गया।

संगठन के निर्देश पर हुई आकस्मिक सूचना पर बैठक में जिले भर से समाज के डेढ़ दर्जन से ज्यादा जुझारू, उत्साही युवा-अनुभवी नेताओं की सक्रिय सहभागिता रही। जिलाध्यक्ष राहुल यदुवंशी ने सुमित गंगवार, चित्रसेन गंगवार, विपिन गंगवार समेत कई जुझारू साथियों को मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, बहेड़ी, शेरगढ़ और क्यारा ब्लॉकों की जिम्मेदारी देने की घोषणा भी की। बताया-जिला इकाई को विस्तार देने से साथ ही शीघ्र ही संगठन को विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर तक भी पहुंचाया जाएगा।
जिला संरक्षक लाल बहादुर गंगवार, जिला महामंत्री मनोज गंगवार, ओमपाल गंगवार, वीरेंद्र गंगवार, वीरू गंगवार, चित्रसेन गंगवार आदि ने भी विचार रखे। दिनेश पांडेय, गणेश ‘पथिक’ आदि की भी सक्रिय सहभागिता रही।डा. वीरेंद्र प्रताप गंगवार जी का समाजसेवा में अग्रणी योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *