बाइक की टक्कर से कांवड़िया जख्मी, कांवड़ हो गयी खंडित

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे मे शामिल एक कांवड़िये को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। जिससे उसका गंगाजल सड़क पर बिखर गया और कांवड़ खंडित हो गई। पुलिस ने आरोपी बाइक सवार को बाइक समेत हिरासत में ले लिया है। घायल कांवड़िये की पहचान गांव टिटौली निवासी वेद प्रकाश के रूप में हुई है। वेद प्रकाश 14 अगस्त को करीब 25 कांवड़ियों के जत्थे के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। हरिद्वार में दो दिन रुकने के बाद सोमवार को सभी कांवड़ियों ने गंगाजल भरकर पैदल अपने गांव टिटौली के लिए वापसी शुरू की थी। वेद प्रकाश के भाई कृष्णपाल ने बताया कि शुक्रवार शाम कांवड़ियों का जत्था फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र म पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनके भाई वेद प्रकाश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वेद प्रकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद साथ चल रहे अन्य कांवड़िये वेद प्रकाश की मदद के लिए पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को बाइक सहित कब्जे मे ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *