बहेड़ी मे गरजे सीएम योगी, कहा- पिछली सरकारें कर्फ्यू लगवाती थी

बहेड़ी, बरेली। पीलीभीत संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बहेड़ी के रामलीला मैदान मे जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने भारत माता के जयकारे से अपना संबोधन शुरू किया। मां दुर्गा और काली माता के जयकारे लगवाए। उन्होंने कहा कि आज हम सब नए भारत के दर्शन कर रहे हैं। नया भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना जानता है तो 140 करोड़ लोगों को सुरक्षित करना जानता है। नए भारत में विरासत के साथ विकास को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। विकास भी है तो विरासत और आस्था का सम्मान भी है। योगी ने कहा कि एक तरफ पिछली सरकारें कर्फ्यू लगवाती थीं। दंगा पॉलिसी के लिए कुख्यात थी। दूसरी तरफ यूपी में पिछले सात साल से कोई दंगा नहीं हुआ। दंगा करने वाले जानते हैं कि अब दंगा करेंगे तो उल्टा टंगवा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा मे सेंध लगाने वाला यह भी जानता है कि वह जेल बाद में जाएगा, पहले जहन्नुम के रास्ते उसके लिए तैयार हैं। सुरक्षा का बेहतर इंतजाम है। नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में सब चंगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज हाईवे बन रहे हैं। रेलवे की बड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ रही है। मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। आईआईटी-आईआईएम बन रहे हैं। मेगा फूड पार्क का काम बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब एक जैसी सरकारें होती हैं। अच्छे लोग चुनकर जाते हैं तो उसका परिणाम भी अच्छा होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 120 चीनी मिल चल रही हैं। 105 चीनी मिल एक सप्ताह के अंदर भुगतान कर रही हैं। 15 चीनी मिलों का भुगतान लेट है। ढाई लाख करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान किसानों के खातों में किया है। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग इतना भुगतान नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद की समस्या का समाधान धारा 370 समाप्त होने के साथ ही हो गया है। आज भारत का कोई भी नागरिक जम्मू-कश्मीर में जाकर जमीन खरीद सकता है। कांग्रेस ने इससे वंचित किया था। उन्होंने कहा कि देश के अंदर नक्सलवाद समस्या का समाधान हुआ है। मंच पर पीलीभीत प्रत्याशी व प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद, वन मंत्री अरुण कुमार, सांसद संतोष गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल समेत कई विधायक भी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *