बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे बड़ा बाईपास पर सोमवार शाम भीषण सड़क हादसे में मां और उसके तीन वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे पति और उनकी छह साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार अलीनगर निवासी तस्लीम अपनी पत्नी समीना (35), बेटे मोहम्मद अदनान (3) और बेटी इशरा (6) के साथ बाइक से कल्याणपुर स्थित अपनी बहन के घर से लौट रहे थे। शाम सवा छह बजे अटा कायस्थान चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। इस भीषण हादसे में समीना और मोहम्मद अदनान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तस्लीम और उनकी बेटी इशरा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मां और बेटे के शवों पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया है।।
बरेली से कपिल यादव
