आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला क्षेत्र मे बंद पड़े भट्ठे पर अवैध असलाह बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मंगलवार देर रात छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 12 देशी तमंचे, एक पौनिया, एक देशी रायफल, कारतूस, असलाह बनाने का सामान, एक ब्रेजा कार और चार मोबाइल बरामद हुए है। प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह ने पुलिस टीम के साथ मंगलवार रात मनौना गांव से आगे कसूमरा के पास बंद पड़े भट्ठे पर छापा मारा। उन्होंने पाया कि भट्ठे पर लाल रंग की कार खड़ी थी और कुछ लोग अवैध हथियार बना रहे थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध देशी तमंचे 315 बोर, एक पौनिया 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक देशी रायफल 315 बोर बरामद किया है। इसके अलावा सात लोहे की नाल, दो ट्रिगर, एक ट्रिगर गार्ड और अवैध असलाह बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए है। आरोपियों की पहचान योगेंद्र प्रताप सिंह निवासी गोतरा पट्टी भौनी, थाना उसावां, बदायूं, रजत प्रताप सिंह उर्फ शंकर गोतरा पट्टी भौनी, रामगोपाल धीरावारी और अवधेश कमा गौटिया, थाना दातागंज, बदायूं के रूप में हुई है। पूछताछ में रामगोपाल और अवधेश ने बताया कि वह तमंचे बनाने और पुराने तमंचों की मरम्मत का काम करते थे। वहीं योगेंद्र और रजत ने बताया कि वह दोनों से तमंचे बनवाकर कम कीमत में खरीदते थे और आगे अधिक कीमत पर बेच देते थे। योगेंद्र और रजत के खिलाफ बदायूं के सिविल लाइंस थाने में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है और कार सीज कर दिया है। पुलिस अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में आंवला से अवैध शस्त्र बनाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आगे भी अभियान जारी रहेगा।।
बरेली से कपिल यादव
